नरसिंहपुर केसरी|जिले में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रधुन एवं राष्ट्रगान की धुन के बीच परेड दलों ने शानदार मार्चपास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। ध्वजारोहण के बाद मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान समृद्धि एवं खुशहाली के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। बैंड दल ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। परेड दलों के जयघोष और हर्षफायर से समारोह स्थल देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति नीलेश काकोड़िया, उपाध्यक्ष अनीता राजेन्द्र ठाकुर, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्निहोत्री एवं विभा दुबे ने किया।



