मोबाइल स्क्रीन ब्लैक होते ही खाते से उड़ गए ₹75 हजार, PUBG UC वाउचर के जरिए साइबर ठगी



जबलपुर। शहर में साइबर ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अधारताल थाना क्षेत्र के अमखेरा निवासी एक युवक के मोबाइल की स्क्रीन अचानक ब्लैक हो गई। कुछ देर बाद मोबाइल रीसेट हुआ और बाद में पता चला कि उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से PUBG UC वाउचर खरीदकर ₹75 हजार की धोखाधड़ी कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, अमखेरा निवासी हेमंत कुशवाहा, जो एक सुजुकी शोरूम में निजी कर्मचारी हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि 29 जुलाई को वह शोरूम में अपने मोबाइल पर फेसबुक रील देख रहे थे। इसी दौरान अचानक मोबाइल की स्क्रीन काली (ब्लैक) हो गई। करीब आधे घंटे बाद मोबाइल चालू हुआ, लेकिन वह पूरी तरह रीसेट हो चुका था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि काम से घर लौटने के बाद 31 जुलाई को उन्होंने दोबारा आवश्यक मोबाइल एप डाउनलोड किए, जिनमें एसबीआई क्रेडिट कार्ड का एप भी शामिल था। एप में लॉगिन करने पर उन्हें पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से ₹7,500 के 10 PUBG UC वाउचर खरीदकर कुल ₹75,000 का भुगतान अमेजन के माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कर दिया गया है।

पीड़ित की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी साइबर सेल को भी भेजी गई है, ताकि ऑनलाइन लेनदेन का पता लगाकर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस की सलाह

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि मोबाइल अचानक हैंग, ब्लैक स्क्रीन या स्वतः रीसेट होने जैसी असामान्य गतिविधि दिखाए, तो तुरंत बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड के ट्रांजैक्शन की जांच करें। साथ ही संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तुरंत बैंक, साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने