करेली। थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 60 लीटर महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
इमलिया-कोदसा मार्ग पर पुलिस ने दी दबिश
करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंग्वे के अनुसार, पुलिस को रात में सूचना मिली थी कि कोदसा गांव निवासी हरिशंकर उर्फ 'जोकर' मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने इमलिया-कोदसा मार्ग पर कुलिया के पास दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब ले जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने हरिशंकर उर्फ 'जोकर' को पकड़ लिया।
60 लीटर महुआ शराब बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें करीब 60 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ गाडरवाड़ा कोतवाली में मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। उस पर लोगों को डराने-धमकाने और हफ्ता वसूली जैसे आरोप भी रहे हैं। इसके अलावा करेली थाना क्षेत्र के एक पूर्व मामले में भी उसके फरार होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मौके से फरार हुए उसके साथी की तलाश की जा रही है।
