स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर के लिए दूरगामी सोच के साथ करें कार्य- प्रहलाद सिंह पटेल
करेली/नगर पालिका करेली के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने करेली को 38.58 करोड़ रुपये की लागत के 253 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 2.58 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर स्टेडियम का भूमिपूजन किया। साथ ही 11.40 करोड़ रुपये के 26 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं 24.60 करोड़ रुपये के 227 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
विकास के साथ स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर दें ध्यान
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नगर के विकास के लिए केवल निर्माण कार्य पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास पर भी ध्यान देना आवश्यक है। नागरिकों को विकास में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने सिंगरी नदी के संरक्षण और उसके किनारे पार्क, हरियाली एवं आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने घर के साथ सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की आदत विकसित करनी होगी। आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध पानी, स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
दूरगामी सोच के साथ हो विकास
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि विकास कार्यों में दूरगामी सोच जरूरी है। हमें यह तय करना होगा कि विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग ऐसे कार्यों में हो, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर को पहचानकर स्वरोजगार और नए उद्योगों की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
तिरंगे के सम्मान और नशामुक्त समाज का लें संकल्प
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य बलिदानों से जुड़ा तिरंगा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं की अगुवाई करने और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा हाथों में तिरंगा लेकर नशामुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाएं। परिवार और समाज अपनी संस्कृति, संस्कार एवं मर्यादाओं के प्रति सजग रहेंगे तो स्वस्थ, स्वच्छ और संस्कारित समाज का निर्माण संभव होगा।
इस अवसर पर करेली नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला ममार, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती शशि नेमा, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


