जबलपुर / पिपरिया. पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले पिपरिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अमरकंटक एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक प्रधान आरक्षक ट्रेन की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में उनका दाहिना पैर पटरी के नीचे आकर कट गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायल जवान को पिपरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थे प्रधान आरक्षक जीआरपी चौकी प्रभारी विष्णु पाशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कटनी आरपीएफ पोस्ट में पदस्थ 48 वर्षीय प्रधान आरक्षक विजयशंकर यादव वर्तमान में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर अमरकंटक एक्सप्रेस से पिपरिया आए थे। सोमवार रात को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से लगभग 10 बजे पिपरिया स्टेशन पहुंची थी। वे इसी ट्रेन से वापस कटनी लौटने के लिए सवार हो रहे थे। जैसे ही वे ट्रेन की बोगी में चढ़ने लगे, तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी और वे अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। इस दुर्घटना में उनका दाहिना पैर घुटने के पास से कट गया। स्टेशन पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया।
बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर मामले की जानकारी देते हुए ड्यूटी डॉक्टर विक्रम पटेल ने बताया कि घायल प्रधान आरक्षक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत टेटनेस का इंजेक्शन व अन्य आवश्यक शुरुआती उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें फौरन एक एंबुलेंस के जरिए भोपाल के एक उन्नत निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। जीआरपी चौकी प्रभारी ने बताया कि आरपीएफ के एएसआई थॉमस घायल जवान के साथ भोपाल गए हैं। इस दुर्घटना की आधिकारिक सूचना रेलवे प्रशासन, आरपीएफ कंट्रोल रूम तथा उनके परिजनों को तत्काल दे दी गई है।
