मोगरे के पौधे में लाना है अनगिनत फूल? डाल दो फ्री का घोल, कचरे से हो जाएगा तैयार, कविता की बगिया से मिला तरीका

 


मोगरे के सफेद और सुगंधित फूल हर किसी के मन को मोह लेते हैं, लेकिन कई बार बहुत देखभाल के बावजूद पौधे में फूल नहीं खिलते या कलियां बनने से पहले ही गिर जाती हैं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो अब आपको महंगे केमिकल फर्टिलाइजर खरीदने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।


'कविता की बगिया' से मोगरे के पौधे को हरा-भरा और फूलों से लादने का एक बेहतरीन घरेलू नुस्खा मिला है। किचन से निकलने वाले बेकार कचरे यानी प्याज के छिलकों से तैयार लिक्विड फर्टिलाइजर पौधे को जरूरी पोटेशियम और नाइट्रोजन देता है। इस मुफ्त के घोल को पौधे में डालते ही कुछ ही दिनों में मोगरा अनगिनत कलियों और फूलों से भर जाएगा।
पौधे को घना और हेल्दी बनाने के लिए सबसे पहला और जरूरी काम उसकी प्रूनिंग करना है। मोगरे के पौधे की कटाई-छंटाई करने से उसमें नई-नई शाखाएं निकलती हैं। जितनी ज्यादा नई शाखाएं होंगी, कलियां और फूल भी उतने ही अधिक आएंगे। इसलिए अगर पौधा बेढंग तरीके से बढ़ रहा है, तो उसकी हल्की छंटाई जरूर कर लें।
मोगरा एक धूप पसंद करने वाला पौधा है। इसे ऐसी जगह रखें जहां इसे दिन भर की अच्छी और सीधी धूप मिल सके। इसके साथ ही, हर 15 से 20 दिनों में गमले की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करते रहें और उसमें गोबर की सड़ी हुई खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिलाते रहें। इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है।
मोगरे में अनगिनत कलियां लाने के लिए जो लिक्विड फर्टिलाइजर इस्तेमाल किया जाता है, वह रसोई के कचरे यानी प्याज के सूखी परतों से बनता है। प्याज के छिलकों में पोटेशियम, फास्फोरस, आयरन और मैग्नीशियम जैसे तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पौधों में फूल खिलाने के लिए सबसे मुख्य पोषक तत्व माने जाते हैं।
इसे बनाने के लिए अपनी रसोई से निकलने वाले लाल/गुलाबी प्याज के सूखे बाहरी छिलकों को एक बर्तन में इकट्ठा कर लें। अब इन छिलकों को पानी में डुबोकर लगभग 1 हफ्ते के लिए ढककर छोड़ दें। 7 दिनों में छिलकों के सारे पोषक तत्व पानी में घुल जाएंगे और पानी का रंग गहरा गुलाबी या लाल हो जाएगा।
जब 7 दिनों बाद लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार हो जाए, तो इसे छान लें। ध्यान रखें कि इस गाढ़े घोल को सीधे पौधे में नहीं डालना है। इस्तेमाल के लिए लगभग आधा गिलास तैयार लिक्विड फर्टिलाइजर लें और उसे 1 लीटर सादे पानी में मिलाकर डाइल्यूट कर लें। अब इस तैयार मिश्रण को मोगरे के पौधे की जड़ों में डालें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने