“एक पेड़ बेटी के नाम” के तहत किया पौधारोपण
नरसिंहपुर केसरी |नरसिंहपुर/पीएम श्री केन्द्रीय महाविद्यालय नरसिंहपुर में मिशन शक्ति “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं मिशन वात्सल्य समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत बाल अधिकार एवं पॉक्सो एक्ट 2012 विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। साथ ही “एक पेड़ बेटी के नाम” थीम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर रजनी सिंह के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत लगभग 120 छात्राओं ने सहभागिता की।
महिला एवं बाल विकास विभाग नरसिंहपुर से उपस्थित सहायक संचालक सुश्री प्रांजलि मर्सकोले ने बताया कि मासिक धर्म से जुड़े कई सामाजिक भ्रम एवं वर्जनाएं आज भी प्रचलित हैं, जिन पर खुलकर चर्चा करना आवश्यक है। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर एवं हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) की जानकारी भी छात्राओं से साझा की।
स्वास्थ्य विभाग की विषय विशेषज्ञ काउंसलर मृदुला सोनी ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण, सेनेटरी पैड के उपयोग तथा उनके सुरक्षित निपटान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित मासिक चक्र स्वस्थ शरीर का संकेत है और इस विषय पर संकोच नहीं करना चाहिए।
बाल संरक्षण अधिकारी सौनिध्य सराठे ने बाल अधिकारों एवं पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा एवं विद्यार्थी जीवन में सुरक्षित रहने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। अमृतांश दुबे ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं अन्य हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रमोद पराते, सुश्री निवेदिता, सुश्री मोनिका सचिन साहू सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सामाजिक कार्यकर्ता आशीष विश्वकर्मा द्वारा किया गया।


