नरसिंहपुर। जिले में गुंडे, बदमाश एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्टेशनगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित रूप से ग्राहक को अवैध हथियार बेचने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आजाद जाट (24 वर्ष), पिता सुदीश जाट, निवासी ग्राम धुवघट लाल-पीले रंग के मिठाई के थैले में अवैध देशी पिस्टल रखकर उसे बेचने के उद्देश्य से खेरापति माता मंदिर के पास कोदसा तिगड़ा आने वाला है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद स्टेशनगंज थाना पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद थैले में देशी पिस्टल होने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर थैले से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अवैध हथियार किससे प्राप्त किया था और इसे किस व्यक्ति को बेचने की योजना बना रहा था।
नरसिंहपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
