मुंबई के पास भिवंडी इलाके में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया. यहाँ ‘कोहिनूर’ नाम की एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभरा कर ढह गई. इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार उठा और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम, भिवंडी पुलिस के जवान, दमकल विभाग की गाड़ियां और नगरपालिका के अधिकारी मौजूद हैं.
राहत-बचाव का कार्य कर रही एनडीआरएफ ने बताया कि हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे के नीचे कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है. पोकलेन मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खुलासा किया कि पिछले कुछ दिनों से इस पुरानी इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था. ठेकेदार और मजदूरों ने मरम्मत के दौरान इमारत के 3 पिलर तोड़ दिए थे. पिलर टूटने की वजह से इमारत की नींव कमजोर हो गई और वो अपना संतुलन खोकर पूरी तरह जमींदोज हो गई.
