नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और कारोबारी संजय शर्मा के ठिकानों पर बुधवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने तेंदूखेड़ा के राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के मुख्य कारोबारी कार्यालय को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू की।
इसके साथ ही संजय शर्मा के करीबी सहयोगी रामलाल झरिया के तेंदूखेड़ा वार्ड क्रमांक-9 स्थित आवास पर भी ED की टीम ने दबिश दी। दोनों स्थानों पर जांच की कार्रवाई जारी रही।
आधा दर्जन वाहनों के काफिले के साथ पहुंची ED टीम
शुरुआती जानकारी के अनुसार ED की टीम बुधवार सुबह करीब आधा दर्जन वाहनों के काफिले के साथ तेंदूखेड़ा पहुंची। टीम ने संजय शर्मा के कारोबारी कार्यालय में मौजूद वित्तीय दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों परिसरों के बाहर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद रहा।
बताया जा रहा है कि स्थानीय सुआतला थाना पुलिस को केंद्रीय टीम की कार्रवाई की जानकारी बाद में मिली।
NHAI टोल से जुड़े लेनदेन की जांच की चर्चा
ED की कार्रवाई को लेकर अभी तक एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि शुरुआती जानकारी और सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि जांच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के टोल से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं से संबंधित हो सकती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जांच का दायरा कितना बड़ा है और कार्रवाई के दौरान ED को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य जानकारी मिली है।
आधिकारिक बयान के बाद साफ होगी कार्रवाई की तस्वीर
केंद्रीय एजेंसी की जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी किन आरोपों और किन वित्तीय लेनदेन को लेकर की गई है।
फिलहाल ED की टीम संजय शर्मा के कारोबारी कार्यालय और उनके सहयोगी रामलाल झरिया के आवास पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटी है।
