सोशल मीडिया पर नकली पिस्टल लहराकर वीडियो बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने नाबालिगों और अभिभावकों को दी समझाइश

 


नरसिंहपुर। सोशल मीडिया पर नकली पिस्टल लहराते हुए वीडियो पोस्ट कर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे कुछ नाबालिगों को पुलिस ने समय रहते समझाइश देकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए।

पुलिस की त्वरित जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो करेली क्षेत्र के कुछ नाबालिग बच्चों द्वारा केवल मनोरंजन और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के उद्देश्य से बनाया गया था। जांच के बाद पुलिस ने संबंधित बच्चों और उनके अभिभावकों की पहचान कर उन्हें थाना बुलाया।

थाना स्तर पर बच्चों एवं उनके परिजनों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, हथियारों जैसे प्रतीकों के दुष्प्रभाव, कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले असर तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से बचने के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। साथ ही वायरल वीडियो को तत्काल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाकर डिलीट भी कराया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें और उन्हें सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर पुलिस युवाओं में साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने