नरसिंहपुर, 24 अगस्त। मामूली विवाद के चलते पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिलेश शुक्ला ने आरोपी पति मनोज कुमार सोनी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर अर्थदंड भी लगाया है।
अभियोजन के अनुसार मामला नरसिंहपुर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 9 दिसंबर 2025 को आरोपी मनोज कुमार सोनी ने अपनी पत्नी लता से चाय बनाने के लिए कहा था। पत्नी के चाय बनाने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में लता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपी के खिलाफ प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अपराध सिद्ध किया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपी मनोज कुमार सोनी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
