थाना खितौला की बड़ी सफलता: 31.65 लाख के चोरी गए जेवर बरामद, 3 नकबजन गिरफ्तार




चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो और अमेज कार भी जब्त, ₹54 हजार नकद बरामद

जबलपुर | रेवांचल टाइम्स। जबलपुर पुलिस ने थाना खितौला क्षेत्र में हुई बड़ी नकबजनी का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 31 लाख 65 हजार 200 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी गई अल्टो और होंडा अमेज कार, तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु वेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, प्रभारी एसडीओपी सिहोरा/पाटन लोकेश डाबर, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में थाना खितौला और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • अंकित कोरी (22), निवासी भरदा पड़रिया, थाना पनागर
  • आकाश पटेल (28), निवासी भरदा पड़रिया, थाना पनागर
  • शनि पटेल (18), निवासी भरदा पड़रिया, थाना पनागर

12 जून की वारदात का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके किराए के मकान के ताले और अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार नए मकान में रहने चला गया था, जिससे मकान सूना पड़ा था।

रिपोर्ट पर थाना खितौला में अपराध क्रमांक 169/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी

विवेचना के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एवं एफएसएल टीम की मदद ली। साथ ही ऐसे लोगों पर निगरानी रखी गई जिनकी आर्थिक स्थिति अचानक बेहतर हुई थी।

5 अगस्त 2026 को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि पनागर क्षेत्र के तीन युवकों के पास अचानक बड़ी रकम आ गई है और उन्होंने दो कारें खरीदी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

31.65 लाख के जेवर और दो कारें जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने:

  • 212.3 ग्राम सोने के आभूषण
  • 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण
  • कुल कीमत 31.65 लाख रुपये
  • चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो कार
  • होंडा अमेज कार
  • ₹54,000 नकद

बरामद किए। पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की प्रक्रिया शुरू की है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी चंद्रकांत झा, उपनिरीक्षक रामवरण मिश्रा, एएसआई कैलाश मिश्रा, मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक हितेंद्र रावत, आरक्षक ओमप्रकाश, परमजीत यादव, रुस्तम अली, सत्येंद्र बिसेन, पंकज सिंह, रितेश शुक्ला तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक कपूर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने