ट्रेन से 14 पेटी अवैध शराब की तस्करी, गोटेगांव में दो युवक गिरफ्तार

 


जबलपुर/नरसिंहपुर। ट्रेन के जरिए अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ गोटेगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के समीप टपरिया मोहल्ले में घेराबंदी कर जबलपुर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 14 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

जूट की बोरियों में छिपाकर ला रहे थे शराब

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि करकवेल की ओर से आने वाली ट्रेन में दो युवक शराब की पेटियां लेकर सफर कर रहे हैं और गोटेगांव रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले हैं। आरोपियों ने शराब की पेटियों को जूट की बोरियों में छिपा रखा था, ताकि किसी को संदेह न हो।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही संदिग्ध युवक स्टेशन के समीप पहुंचे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोरियों से 14 पेटी शराब बरामद हुई।

दोनों आरोपी जबलपुर के रहने वाले

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव वंशकार उर्फ गोल्डी (20) निवासी गुरंदी बाजार, बेलबाग और आदित्य बेन उर्फ छोटू (21) निवासी शीतलामाई, घमापुर, जबलपुर के रूप में की है।

शराब कहां से लाई, किसे करनी थी सप्लाई?

गोटेगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और इसे गोटेगांव में किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस को आशंका है कि इस मामले के पीछे अवैध शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क हो सकता है। पूछताछ के आधार पर पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने