सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के संदेह में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक की पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की और जब वह बेहोश हो गया, तो उसे रस्सी से बांधकर कार से घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्सयूवी (XUV) गाड़ी भी जब्त कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 7 अगस्त की रात नागौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। सलैया गांव निवासी 25 वर्षीय राजा यादव अपने एक साथी के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर गाय खरीदने जा रहा था। जब वे सिंहपुर इलाके के कढ़मानी मोड़ के पास पहुंचे, तो स्थानीय हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ आकाश सिंह ने अपने दो अन्य साथियों के साथ अपनी एक्सयूवी गाड़ी पिकअप के आगे अड़ाकर उसे रोक लिया।
रस्सी से बांधकर कार से घसीटा
आरोपियों को शक था कि वे लोग भैंस चुराने जा रहे हैं। इसी संदेह के आधार पर उन्होंने राजा यादव के साथ गाली-गलौज और ताबड़तोड़ मारपीट शुरू कर दी। बेरहमी से पिटाई के कारण जब राजा बेहोश हो गया, तो आरोप है कि दरिंदों ने उसे रस्सी से बांधकर कार के पीछे घसीटा।
जब युवक की हालत अत्यधिक गंभीर हो गई, तो आरोपी उसे अस्पताल ले जाने के बहाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घबराए आरोपी मृतक का शव सेमरवारा गांव के पास फेंककर मौके से फरार हो गए।
पन्ना से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने मृतक के परिजनों और साथियों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी सिंह को पड़ोसी जिले पन्ना के बृजपुर थाना अंतर्गत इटमा खास गांव से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दो साथियों उत्कर्ष उर्फ सूरज और संतोष के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार शाम को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
