*विश्व आदिवासी दिवस पर कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हुए शामिल*
नरसिंहपुर केसरी |विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कृषि उपज मंडी, नरसिंहपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम विभाग प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य रूप से शामिल हुए और जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं प्रकृति के साथ उनके संतुलित जीवन की सराहना की।
कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराएं इस सृष्टि का अनमोल उपहार हैं। जनजातीय समाज ने सदियों से प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व और संतुलन का जीवन जीते हुए ऐसी परंपराओं को संरक्षित रखा है, जो पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी हैं। उनकी संस्कृति, परंपराएं और प्रकृति के संरक्षण की जीवनशैली हमारी अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस पर देश-दुनिया के सभी आदिवासी एवं मूल निवासी समुदायों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, अधिकारों और योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
जनजातीय समाज के सशक्तिकरण को मिली नई गति
कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण को नई गति मिली है। जनजातीय क्षेत्रों में विकास की सुविधाओं का विस्तार करने, युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने तथा परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की समृद्ध जनजातीय विरासत प्रदेश की पहचान और गौरव का अभिन्न हिस्सा है। विकास के साथ संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक महेंद्र नागेश, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति नीलेश काकोड़िया, रामसनेही पाठक, जिला पंचायत सदस्य सीताराम नामदेव,नीलेश काकोड़िया, अशोक, एम.एस. धुर्वे, श्रीमती मीना शाह, प्रदेश अध्यक्ष, गोंड महासभा तरुण लता धुर्वे, सरोज धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम में देखने को मिली कला, संस्कृति और परंपराओं की विविधता की झलक
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं की विविधता की झलक देखने को मिली। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की मनोहारी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।



